पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी से बड़ा नुकसान, चार लोग मरे

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

वाराणसी. पूर्वी उत्तर प्रदेश में आई आंधी-पानी से बड़ा नुकसान हुआ। बिजली गिरने से चंदौली में दो और मिर्जापुर में एक की मौत हुई जबकि मऊ में तेज आंधी के चलते गिरे पेड़ से दबकर एक युवती की जान चली गई। पूर्वांचल के कई जिलों में आंधी-पानी के साथ बिजली कड़की, जिससे काफी नुकसान हुआ। कई जगह बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।

रविवार को पूर्वांचल के वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, मऊ और भदोही आदि जिलों में तेज आंधी बारिश और बिजली कड़की। चंदौली के चकिया कोतवाली अंतर्गत जोगियाकलां गांव के पास तेंदू पत्ता तोड़ रहीं दो महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

उधर मिर्जापुर के कछवां अंतर्गत कनकसराय गांव में तेज आंधी और बारिश के साथ बिजली भी गिरी जिसकी चपेट में आकर गांव के एक किसान की मौत हो गई। मऊ जिले में भी तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपाया। घोसी कोतवाली के अमिला गांव में आंधी के दौरान पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर एक युवती की मौत हो गई। भदोही के ज्ञानपुर में भी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

आंधी बारिश से पूर्वंचल में फसलों को भी नुकसान पहुंचा। सबसे ज्यादा नुकसान आम की फसल का हुआ। इसके अलावा कुछ जगह काटकर खेतों में रखे धान के बोझ और भूसा उड़ गया। वहीं बलिया समेत जिलों में सब्जी की फसल को भी नुकसान हुआ। तेज आंधी के चलते कई जगह बिजली के पोल भी गिरे जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई।



Source: Education

Share this:

You may have missed