Eid 2022 पर दिल्ली पुलिस का अलर्ट जारी, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

देशभर में कल यानी 3 मई को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। लेकिन त्योहार के इस रंग में किसी तरह का भंग ना पड़े इसको लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। गृह मंत्रालय के कड़े रुख को देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। त्योहार को देखते हुए पुलिस असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर तो रखेगी ही साथ ही संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। दरअसल हाल में अजान बनाम हनुमान चालीसा को लेकर जहांगीरपुरी इलाके में बड़ा विवाद हो गया था। यही वजह है कि, सरकार किसी भी कीमत पर ईद के त्योहार पर कोई लापरवाही नहीं चाहती है।

दिल्ली में ईद के त्योहार को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। इसके तहत कहा गया है कि, कहीं भी अनावश्यक भीड़ जमा न होने दी जाए। यही नहीं सभी जिलों के तमाम बड़े अधिकारी अपने-अपने जिलों में गश्त करेंगे।

यह भी पढ़ें – कोविड वैक्सीनेशन नीति पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा- टीका लगवाने के लिए लोगों को बाध्य नहीं किया जा सकता

पुलिसबल की तैनाती बढ़ाई
दिल्ली पुलिस ने ईद के त्योहार के रंग में किसी तरह का भंग ना हो इसके लिए उचित कदम उठाए हैं। इसके तहत पुलिस ने संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करने के साथ ही यहां पर पुलिसबल की संख्या भी बढ़ा दी है।

इन स्थानों पर विशेष अलर्ट
दिल्ली पुलिस के मुताबिक उत्तर पूर्वी दिल्ली, जहांगीरपुरी, मध्य दिल्ली और दक्षिण दिल्ली की कुछ जगहों को चिन्हित किया गया है। इसके साथ ही कई जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात
यही नहीं केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की एक दर्जन से ज्यादा अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। अलर्ट में हुड़दंगियों पर खास निगाह रखने को कहा गया है।

बता दें कि हाल में दिल्ली के जहांगीरपुरी की घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री सख्त नजर आया था। इस घटना के बाद ही गृह मंत्रालय की ओर से दिल्ली पुलिस प्रमुख को ये निर्देश दिए गए थे कि, इस तरह की घटनाएं भविष्य में ना हो इसको सुनिश्चित किया जाए।

बता दें कि ईद से पहले ही दिल्ली के जामा मस्जिद समेत कई इलाकों में खरीदारी को लेकर खासी भीड़ है। खरीदारी के दौरान बच्चों से लेकर महिलाओं तक बड़ी संख्या में बाजारों में मौजूद हैं। ऐसे में पुलिसबल को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें – दिल्ली: बिल्डर मर्डर केस में बड़ा खुलासा, कातिलों ने बुजुर्ग की बॉडी पर किया चाकू के वार, रुपयों से भरा बैग लेकर फरार



Source: National

Share this:

You may have missed