रोहित शर्मा पर भड़के कपिल देव, कहा – तेंदुलकर हो या गावस्कर 14 मैचों में अगर फिफ्टी नहीं बनाते हैं तो…

Kapil Dev on Rohit Sharma: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा अच्छे फॉर्म में नहीं हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में भी वे बुरी तरह नाकाम रहे थे। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले लीस्टरशायर के साथ खेले जा रहे वॉर्म-अप मैच में भी वे फ्लॉप साबित हुए हैं। ऐसे में उनके फॉर्म पर सवाल उठाते हुए महान ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान कपिल देव ने निशाना साधा है। कपिल देव का मानना है कि रोहित शर्मा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई सीरीज का हिस्सा होना चाहिए था।

दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई 5 मैच की सीरीज से रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह समेत कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। इसपर कपिल ने कहा, ‘आज यह बताना कठिन है कि किसको आराम दिया गया है या किसने आराम की मांग की है। सिलेक्टर्स ही इस बात का जवाब जानते हैं।’ रोहित शर्मा के फॉर्म पर कपिल ने कहा, ‘रोहित एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, इस बारे में कोई शक ही नहीं है। लेकिन उन्होंने 14 मैचों में एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है। ऐसे में उनपर सवाल खड़े होंगे।’

कपिल ने कहा, ‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप गैरी सोबर्स, डॉन ब्रैडमैन, विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर या विव रिचर्ड्स हैं। अगर आप 14 मैचों में अर्धशतक नहीं बनाते हैं तो सवाल पूछे जाएंगे। यह एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब सिर्फ रोहित ही दे सकते हैं। क्या वह क्रिकेट बहुत ज्यादा खेल रहे हैं या वो थके हुए हैं।’

कपिल देव का मानना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को अपना गेम एन्जॉय करना चाहिए। कपिल ने कहा, ‘मेरा मानना है कि इन लोगों को अपने सोचने के तरीके पर ध्यान देने की जरूरत है। अगर वे मेरे दावों का खंडन करते हैं, तो मुझे खुशी होगी। यदि आप रन नहीं बना रहे हैं तो कोई न कोई समस्या जरूर है। या तो आप ज्यादा क्रिकेट खेल रहे हैं या कम।’ बता दें रोहित ने आईपीएल में 14 मैचों में 19.14 की औसत से सिर्फ 268 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है।



Source: Sports

Share this:

You may have missed