एलिवेटेड अधूरी सौगात : एलिवेटेड की एक भुजा पर आज से एकतरफा यातायात, रात्रि में बंद

अजमेर. अजमेर के यातायात की लाइफ लाइन कहे जाने वाले एलिवेटेड रोड का काम अभी भी अधूरा है, हालांकि त्योहारी सीजन एवं दिन में यातायात के दबाव को कम करने के लिए एक भुजा पर एकतरफा यातायात रविवार से शुरू किया जाएगा। पुरानी आरपीएससी भवन के सामने से वाहन चालक बाटा तिराहे तक जा सकेंगे।जिला कलक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशदीप ने शनिवार को नियमित निरीक्षण के दौरान एलिवेटेड रोड का जायजा लिया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, नगर निगम आयुक्त एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार, एडीए आयुक्त अक्षय गोदारा सहित आरएसआरडीसी अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह रहेगी व्यवस्था

सुबह 6 से शाम 6 बजे तक पुरानी आरपीएससी के सामने वाहन चालक एलिवेटेड रोड से बाटा तिराहे तक उतर सकेंगे। बाटा तिराहे से पुरानी आरपीएससी भवन के लिए यातायात अभी शुरू नहीं किया गया है। एक छोर पर सड़क निर्माण कार्य अटका है। करीब 2.6 किमी का सफर इससे कुछ आसान होगा।

बिजली के अभाव में रात में नहीं होगा संचालन

एलिवेटेड रोड पर बिजली के खम्भे अभी नहीं लगाए गए हैं, इन पर लाइट भी लगाई जानी है। रात्रि में अंधेरे के चलते फिलहाल दिन में ही यातायात संचालन का निर्णय किया गया है।

नसियां से गांधी भवन की भुजा का काम अधूरा

नसियां से गांधी भवन तक की भुजा का काम अभी तक 50 फीसदी शेष है। कई जगह गर्डर लगाने, ब्रिज निर्माण आदि का काम ही पूरा नहीं हुआ है।

इन्हें मिलेगी कुछ राहत

जीसीए, दयानंद कॉलेज, रेलवे कैरिज कारखाना, नसीराबाद रोड, परबतपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया, फल व सब्जी मंडी सहित नसीराबाद, श्रीनगर व ब्यावर रोड जाने वाले लोगों को एकतरफा राहत मिलेगी।

एक माह लगने की संभावना

बिजली के खम्भे लगाना व इन पर लाइट लगाने के साथ वायरिंग आदि का कार्य पूरा होने में 20 से 25 दिन लगने की संभावना है। ऐसे में नवम्बर के दूसरे सप्ताह में ही एक भुजा पर दोनोंतरफा यातायात शुरू हो पाएगा।



Source: Education

Share this:

You may have missed