जंगली जानवर के डर से भागा किसान कुएं में गिरा

अलवर. जिले के रैणी उपखंड क्षेत्र के बाढ़ बीलेटा गांव में शनिवार रात आठ बजे खेत की रखवाली कर रहा किसान जंगली जानवर के डर से भागते समय 90 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। किसान करीब 12 घंटे तक कुएं में पड़ा रहा और सहायता की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी को आवाज सुनाई नहीं दी। रविवार सुबह आठ बजे लोगों की मदद से युवा किसान को बाहर निकाला गया।
फिरोजपुर सरपंच रामकिशन मीणा ने बताया कि फिरोजपुर निवासी विश्राम मीणा बाढ़ बीलेटा गांव स्थित खेत पर अवारा पशुओं से फसल की रखवाली के लिए गया था। जंगल में अंधेरा घना होने के कारण एक जंगली जानवर आ गया। जंगली जानवर से भयभीत विश्राम गांव की तरफ भागा तो बाढ़ बीलेटा विद्यालय के मैदान पर बना बिना मुंडेर के कुएं जा गिरा। कुएं में गिरने पर उसने सहायता की गुहार लगाई, लेकिन घना अंधेरा व रात होने से किसी ने विश्राम की आवाज नहीं सुनी। ऐसे में कड़ाके की सर्दी में वह बारह घंटे तक कुएं में पड़ा रहा।
सरपंच ने बताया कि देर रात तक विश्राम घर नहीं पंहुचा तो परिजनों सहित गांव के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन वह कहीं नहीं मिला। आखिर रविवार को सुबह करीब आठ बजे कुएं से बचाओ बचाओ की आवाज सुनकर लोग कुएं के पास पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। विश्राम के पैर फे्रक्चर होने के कारण अलवर भर्ती कराया गया।



Source: Education

Share this:

You may have missed