वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा: दो फर्जी अभ्यर्थी पकड़े

राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर की ओर से वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा बुधवार को शुरू हुई। उदयपुर में दो परीक्षा केंद्रों पर दो फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए। परीक्षा केंद्र अधीक्षकों की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया।

अम्बामाता थाना पुलिस ने बताया कि फतहपुरा स्थित विद्या भवन सीनियर सेकंडरी स्कूल से फर्जी अभ्यर्थी परेऊ गिड़ा बाड़मेर निवासी नरेंद्रसिंह पुत्र मानाराम जाट को गिरफ्तार किया गया। उसने डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देकर पास कराने के बदले 15 लाख रुपए लेना तय किया था। वह बुधवार सुबह 9 से 11 बजे तक हुई प्रथम पारी की परीक्षा में पकड़ा गया, जो मूल अभ्यर्थी प्रकाशचंद्र लूर की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। जांचकर्ता नरेंद्र सालवी ने अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र, फोटो और हस्ताक्षर की जांच की। संदिग्ध पाए जाने पर अभ्यर्थी को पुलिस के हवाले कर दिया।

भागते अभ्यर्थी को दबोचा

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एकलिंगपुरा के परीक्षा केंद्र पर फर्जी अभ्यर्थी खारा सांचोर जालोर निवासी मनोहरलाल विश्नोई पुत्र हरिराम विश्नोई को पकड़ा गया। वह मूल अभ्यर्थी अशोक पारीक की जगह परीक्षा देने आया था। पहली पारी में तो उसने चकमा देकर परीक्षा दे दी, लेकिन दूसरी पारी की परीक्षा के दौरान जांच में पकड़ा गया। जब उसकी जांच की जा रही थी, तो पकड़े जाने से बचने के लिए वह दीवार फांदकर भागने लगा, लेकिन यहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। वह मूल अभ्यर्थी का प्रवेश पत्र और आधार कार्ड लेकर परीक्षा देने पहुंचा था। पूछताछ में सामने आया कि वह खुद भी प्रथम श्रेणी शिक्षक है। डमी अभ्यर्थी बनने के बदले उसने 7 लाख रुपए लेना तय किया था।



Source: Education

Share this:

You may have missed