आप ने जारी की पहली सूची, पंजाब में 5 मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतारा, नहीं होगा किसी से गठबंधन

AAP First Candidate List: आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को पहली सूची जारी कर दी है। आप ने पंजाब में अपने आठ उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें आगामी लोकसभा चुनावों के लिए पांच कैबिनेट मंत्रियों को मैदान में उतारा गया है। घोषित प्रमुख नामों में, पंजाब के मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को संगरूर सीट से चुनाव लड़ने के लिए नामांकित किया गया है, जिसका प्रतिनिधित्व पहले वर्तमान मुख्यमंत्री भगवंत मान करते थे।

अन्य सात उम्मीदवार अमृतसर से कुलदीप सिंह धालीवाल, खडूर साहिब से लालजीत सिंह भुल्लर, जालंधर से सुशील कुमार रिंकू, फतेहगढ़ साहिब से गुरप्रीत सिंह एसपी, फरीदकोट से करमजीत अनमोल, बठिंडा से गुरुमीत सिंह खुदियां और पटियाला से डॉ. बलबीर सिंह हैं।

डॉ. बलबीर सिंह ने पार्टी द्वारा उन्हें पटियाला लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कहा, “मैं अपने आदर्श और राजनीतिक गुरु अरविंद केजरीवाल जी और माननीय मुख्यमंत्री भगवंत मान जी का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे पटियाला से लोकसभा चुनाव लड़ने का काम सौंपा।”

बस्सी पठाना से कांग्रेस के पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी हाल ही में आप में शामिल हुए थे। वहीं आप और कांग्रेस इंडिया ब्लॉक के हिस्से के रूप में कई राज्यों में सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर पहुंचे हैं, पंजाब में उनके एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।



Source: National

Share this:

You may have missed