उपचुनाव : शहडोल संयुक्त कलेक्टर ने दिया इस्तीफा, अनूपपुर उपचुनाव में कर सकते हैं दावेदारी

शहडोल. अनूपपुर उपचुनाव के बीच प्रशासनिक अधिकारी रमेश सिंह के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अनूपपुर के रहने वाले रमेश सिंह शहडोल में पदस्थ थे। उपचुनाव में मैदान में उतरने की सुगबुगाहट के बाद हाल ही में नीचम के लिए तबादला कर दिया गया था। बाद में 15 सितंबर को संयुक्त कलेक्टर रमेश सिंह ने राज्य शासन को सेवानिवृत्त के लिए आवेदन दिया है। चर्चा है कि रमेश सिंह अनूपपुर से उपचुनाव में दावेदारी कर सकते हैं। रमेश सिंह पिछले काफी समय से राजनीति में आने का प्रयास कर रहे थे। अनूपपुर से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर भी जमकर चर्चा थी लेकिन बाद में कांग्रेस ने विश्वनाथ सिंह को प्रत्याशी बना दिया था। इसके बाद भोपाल में पूर्व सीएम कमलनाथ से पांच बड़े पदाधिकारियों के साथ रमेश सिंह ने मुलाकात की। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर पुनर्विचार के लिए कहा गया। पत्रिका से बातचीत में रमेश सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त के लिए आवेदन किया है। अनूपपुर में राजनीति गलत दिशा में जा रही है, इसलिए मुझे आगे आना पड़ा। कांग्रेस के टिकट वितरण पर कमलनाथ से मुलाकात कर पुनर्विचार की बात कही है। दरअसल कांग्रेस विधायक रहे बिसाहूलाल के भाजपा में शामिल होने के बाद अनूपपुर सीट खाली हो गई थी। उधर खाद्यमंत्री बिसाहूलाल को भाजपा मैदान में उतार सकती है। रमेश सिंह के अचानक इस्तीफ के बाद गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद कयासों का दौर थम गया था लेकिन फिर चर्चा शुरू हो गई है। अलग- अलग तरीके से कयास लगाए जा रहे हैं।


{$inline_image}
Source: Education

Share this:

You may have missed