देर रात मंदिर में पुजारी के साथ लूटपाट, खून से लथपथ बेहोश मिला पुजारी

बाड़ी. बाड़ी सदर थाना क्षेत्र स्थित बसेड़ी टोल प्लाजा से पहले हनुमान मंदिर के पुजारी पर रविवार देर रात कुछ बदमाशों ने मिलकर हमला बोल दिया। जिससे पुजारी बुरी तरह घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक बसेड़ी टोल प्लाजा से पहले बने हनुमान मंदिर के महंत रामदास ने बताया कि रविवार रात वह मंदिर परिसर में सो रहे थे, तभी चार बदमाश वहां आए और उसका गला गला दबाकर पूछा कि माल कहां है। पुजारी ने उन्हें समझाया कि वह इस मंदिर के पुजारी हैं और आसपास भीख मांग कर खाते हैं। उन्हें किसी भी माल की कोई जानकारी नहीं है। जिस पर चारों ही बदमाश भडक़ गए और पुजारी को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। जिससे पुजारी रामदास बुरी तरह से घायल हो गए।

सुबह श्रद्धालुओं को अचेत मिले महंत
बदमाशों द्वारा मारपीट में घायल हुए महंत रामदास बेहोश होकर मंदिर परिसर में ही पड़े रहे। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर गए तो उन्होंने महंत को अचेत अवस्था में देखा, तब उन्होंने आसपास देखा तो मंदिर परिसर में खून फैला हुआ था। जिस पर श्रद्धालुओं ने पुलिस को सूचित किया। सदर थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह राजावत मौके पर पहुंचे और पुजारी को होश में लाने की कोशिश की। पुजारी के होश में आने के बाद उनका मेडिकल करवाया गया तथा मामला दर्ज किया गया।

चार बार हो चुका है हमला, 10 हजार रुपए की लूट: महंत रामदास

होश में आने के बाद मंदिर के महंत रामदास ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उन पर ऐसा हमला किया गया है। मंदिर में वे विगत 36 वर्षों से रह रहे हैं। यह चौथी बार उन पर जानलेवा हमला किया गया है। इस बार हमले में उनके साथ जमकर मारपीट की गई। जिससे वे बेहोश हो गए और उनके पास रखे हुए 10 हजार रुपए भी लुटेरे लेकर चले गए।



Source: Education

Share this:

You may have missed