heat waves: उफ ये गर्मी: सीजन में पहली बार पारा 43 डिग्री के करीब

भोपाल. राजधानी में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। बुधवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री यानि 43 डिग्री के करीब पहुंच गया है। अप्रेल की शुरुआत से ही शहर में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। इस माह सिर्फ दो दिन छोड़कर शेष दिन तापमान 40 डिग्री से अधिक ही रहे हैं। पिछले दो तीन दिनों से भी शहर में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। बुधवार को शहर का तापमान चौथी बार 42 डिग्री के पार पहुंचा है। इसके पहले भी तीन बार तापमान 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया था। हालांकि अभी बीच में कुछ दिन के लिए राहत जरूर मिली थी, लेकिन गर्मी ने अब अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। उस बीच बादलों और कहीं कहीं बूंदाबांदी की आवाजाही से लोगों ने कुछ दिन चैन की सांस ली थी, पर ज्यादा दिन राहत नहीं मिल सकी।
राहत के आसार नहीं: मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम इसी तरह रहेगा। तापमान में मामली उतार चढ़ाव का दौर जारी रहेगा, क्योकि इस समय कोई सिस्टम नहीं है। समय गर्म हवाएं आ रही है, जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले एक दो दिन तापमान और बढ़ सकता है।
एक डिग्री का इजाफा
मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री का इजाफा हुआ है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.8 और न्यूनतम 24.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.8 और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया था।



Source: Education

Share this:

You may have missed