ध्यान दें, बंद हो गई है बाइक टैक्सी

आरटीओ बोले-संचालन हुआ तो करेंगे कार्रवाई
इंदौर. शहर में संचालित हो रही दो कंपनियाें ओला और रैपिडो की बाइक टैक्सी अब नहीं चल सकेगी। दोनों कंपनियों के पास अब बाइक टैक्सी का लाइसेंस नहीं है। लंबे समय से बाइक टैक्सी के नियम विरूद्ध चलने की शिकायतें आरटीओ से की जा रही थीं।
आरटीओ जितेंद्रसिंह रघुवंशी ने बताया कि शिकायतों पर पूर्व में कार्रवाई भी की थी। जो बाइक चल रही थीं, वे घरेलू रजिस्ट्रेशन श्रेणी की थीं। जबकि, व्यावसायिक गतिविधियों के रजिस्टे्रशन भी व्यावसायिक श्रेणी में कराने का नियम है। इसके अलावा कई अन्य नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।
अब किसी के पास लाइसेंस नहीं
रघुवंशी के मुताबिक, ओला कंपनी को बाइक टैक्सी संचालन के लिए जारी किया गया एग्रीगेटर लाइसेंस निरस्त किया गया है तो रैपिडो के एग्रीगेटर लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है। रघुवंशी ने बताया कि वर्तमान में किसी भी कंपनी को बाइक टैक्सी संचालन का लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। ऐसे में बाइक टैक्सी नहीं चलाई जा सकती है। अगर कोई ऐसा करता पाया गया तो कड़ी कार्रवाई करेंगे।
बिना परमिट बस जब्त
परिवहन विभाग के उड़नदस्ते ने बुधवार को बिना परमिट चल रही बस जब्त की है। सुबह 9 बजे इंदौर-उज्जैन रोड़ पर बस क्रमांक एमपी 09 एफए 2933 बिना परमिट चलती पाई गई। बस नायता मुंडला आरटीओ कार्यालय भेज दी गई है।



Source: Education

Share this:

You may have missed