शिक्षिका के सूने मकान से लाखों के जेवर व हजारों रुपए चोरी

जोधपुर.
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत महावीरपुरम नगर स्थित वरिष्ठ शिक्षिका के सूने मकान के दिनदहाड़े ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व हजारों रुपए चुरा लिए। चोर बीस हजार रुपए की एक एफडीआर भी चुरा ले गए।

पुलिस के अनुसार महावीरपुरम नगर निवासी बबीता पत्नी श्रीकांत व्यास शास्त्रीनगर की राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान की वरिष्ठ शिक्षिका हैं। पति अहमदाबाद में हैं। वह मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे स्कूल निकल गईं। प्रथम तल पर किराए पर रहने वाली तीन एएनएम भी सुबह नौ बजे ड्यूटी पर चली गई थीं। शिक्षिका के पुत्र व पुत्री सुबह दस बजे कार्य से बाहर निकले गए। वे दोपहर डेढ़ बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला था। घर के सारे दरवाजों के ताले व कूंदे टूटे हुए थे। कमरों में अलमारियां व लॉकर टूटे हुए थे। सामान बिखरा पड़ा था। लोहे की अलमारी टूटी हुई व लॉकर खुला था। चोरों ने अलमारी के लॉकर से १७० ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण, दो-ढाई किलो चांदी के जेवर व बर्तन, बीस हजार रुपए, बीस हजार रुपए की एफडीआर और शिक्षिका व पुत्री के पासपोर्ट चुरा लिए। मकान से कुछ दस्तावेज भी चोरी हुए हैं। पुलिस ने मौका मुआयना किया और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से तलाश शुरू की।


{$inline_image}
Source: Education

Share this:

You may have missed