राजधानी के न्यू मार्केट में रात 11 बजे तीन कपड़ा दुकानों में आग, व्यापारियों में हड़कंप

भोपाल. न्यू मार्केट के बेसमेंट में मौजूद कपड़ों की तीन दुकानों में रविवार रात 11 बजे अचानक आग भड़क गई। जिस वक्त आग लगी उस समय व्यापारी दुकान का सामान समेटकर बाजार बंद करने की तैयारी कर रहे थे। बंद हो चुकी तीन दुकानों से आग की लपटें निकलने के बाद मौके पर मौजूद बाकी व्यापारियों ने तत्काल सूचना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर अविनाश लवानिया एवं वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक घटना का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है।

राजधानी के न्यू मार्केट में रात 11 बजे तीन कपड़ा दुकानों में आग से हड़कंप

समय पर काबू पाया वर्ना हो सकता था बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार एक दुकान में आग लगी और उसने अन्य दो दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त तक ज्यादातर दुकानें बंद हो चुकी थीं। बाकी बचे दुकानदार अपनी दुकानों के शटर बंद कर रहे थे। इसी दौरान लोगों ने देखा की बेसमेंट में बनी दुकानों से धुंआ निकल रहा है। इसके बाद लपटें निकलने लगीं। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने समय पर काबू पा लिया वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था।

व्यापारियों ने कलेक्टर से कहा- बिजली के तारों का कुछ करवाएं
कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों पर व्यापारियों से चर्चा की। मार्केट व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से कहा कि बाजार में फैले बिजली के अव्यवस्थित तारों के मामले में कार्रवाई की जाए। गौरतलब है पूरे शहर के प्रमुख बाजारों में बिजली के तार बेतरतीब तरीके से लगे हुए हैं। बिजली के खंभों से लेकर दुकानों के कनेक्शन तक तारों के जाले बने हुए हैं। कई जगह तो ये तार झूलते हुए नजर आते हैं। ऐसे में अनेक बार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।



Source: Education

Share this:

You may have missed