'एक पार्टी तलवार बांटने में लगी है और हम लोग कलम बांटने में लगे हैं', बीजेपी पर खूब गरजे तेजस्वी यादव

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज सीपीआई द्वारा आयोजित की गई बीजेपी भगाओ, देश बचाओ रैली में केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ खूब गरजे। इसके बाद तेजस्वी यादव ने कहा हमें बिहारियों से जो वादा किया वो निभाया। दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का वादा किया था। कुछ दिन पहले ही हमारी सरकार ने पौने दो लाख बहाली निकली थी और चुनाव में अभी 14 महीने बचा है। तेजस्वी यादव ने आगे कहा, “मौजूदा भारत सरकार पूंजिपतियों की सरकार है। जो केवल दो-तीन लोगों के लिए काम कर रही है। एक काम बता दीजिए जो पिछले नौ साल में बीजेपी ने किया हो। पहले इनको महंगाई डायन दिखती थी, लेकिन अब महबूबा और भौजाई लगती है। गरीब आदमी का बुराहाल हो रहा है, वो क्या खाएगा?”

 

तेजस्वी बोले- आज का दिन ऐतिहासिक

कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा आयोजित रैली में तेजस्वी यादव ने मंच से कहा, “आज का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक है। 2020 में चुनाव में हम लोग का जो नारा था, हम लोगों ने जो वादा किया था, जो प्रण लिया था कि यदि राज्य में महागठबंधन की सरकार बनेगी तो हम लोग बिहार के नौजवानों को 10 लाख सरकारी नौकरी देंगे। यह काम लगभग पूरा हो रहा है। मुझे खुशी है कि आज के दिन इस रैली का आयोजन हुआ है। इसके लिए सीपीआई के सभी नेताओं को धन्यवाद देते हैं।”

लोगों से साथ देने की अपील की

बिहार के डिप्टी सीएम ने आगे बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा, देश में एक पार्टी तलवार बांटने में लगी है और हम लोग कलम बांट रहे हैं, ऐसे में फर्क साफ़ है, तो आपको तय करना है कि जो भाई से भाई को लड़ाते हैं, जाति को जाति से लड़ाते हैं आपको उनका साथ देना है या जो लोग कलम बांटने का काम करते हैं, जो नौकरी बांटने काम करते हैं आपको उनके साथ देंगे।

आगे तेजस्वी बोले, “मध्य प्रदेश में क्या हुआ? महाराष्ट्र में क्या किया? झारखंड में क्या प्रयास कर रहे थे ये लोग? दिल्ली में क्या हो रहा है? अरविंद केजरीवाल को नोटिस भेजा गया है. हम लोग को जानते ही थे कि बीजेपी को हम लोगों ने इतना बड़ा झटका दिया है कि फिर से सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स का खेल शुरू होगा।”



Source: National

Share this:

You may have missed